|
Description:
|
|
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद से जब भीम आर्मी के चंद्रशेखर आज़ाद नागरिकता संसोधन क़ानून के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद कर रहे थे तब हज़ारों मुसलमान उनके पीछे जय भीम के नारे लगा रहा थे. दिल्ली ने ऐसा नज़ारा पहले नहीं देखा था. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले के एक दलित परिवार में पैदा हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने तेज़ी से राजनीति में अपनी अलग जगह बनाई है. अपने आप को रावण कहने वाले चंद्रशेखर आज़ाद एक ऐसे दलित यूथ आइकन के रूप में उभरे हैं जो अपने समुदाय के लिए किसी से भी भिड़ने को तैयार रहते हैं. अपने अंदाज़ और गर्म तेवरों से उन्होंने अपनी अलग जगह और पहचान बनाई है. वो बार-बार गिरफ़्तार किए गए हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून के तहत लंबे समय जेल में भी रहे हैं. इस सबके बावजूद वो हमेशा सुर्खियों में बने रहे. चंद्रशेखर रावण जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं. इन दिनों वो देशभर में सीएए के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों में शामिल हो रहे हैं. आज के इस ख़ास पॉडकास्ट में हम चंद्रशेखर से उनके जीवन और राजनीति के बारे में विस्तार से बात करेंगे. ये बातचीत कुछ दिन पहले दिल्ली में उनकी गाड़ी में रिकॉर्ड की गई थी जब वो अलग-अलग प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए जा रहे थे. |