|
Description:
|
|
एयर इंडिया की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान 8 जून 1948। दिन मंगलवार। रात के करीब 10 बजे। मुंबई का सांताक्रूज एयरपोर्ट। आम दिनों के मुकाबले आज यहां चहल-पहल ज्यादा थी। प्रेस वालों का तांता लगा था। लोग एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखकर गर्दन ऊंची कर रनवे की तरफ देखने की कोशिश कर रहे थे। रनवे पर मार्टिन L-749A कांस्टेलेशन एयरक्राफ्ट शान से खड़ा था। रात करीब सवा 11 बजे इस एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी। इसी के साथ भारत के इतिहास में ये दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा गया। एयर इंडिया की ये पहली इंटरनेशनल फ्लाइट थी। 8 जून को उड़ा ये विमान 10 जून को लंदन पहुंचा। करीब 5 हजार किलोमीटर के सफर के दौरान विमान काइरो और जिनेवा दो जगहों पर रुका। विमान में जे आर डी टाटा और जामनगर के नवाब आमीर अली खान को मिलाकर कुल 35 लोग सवार थे। विमान को मालाबार प्रिंसेस नाम दिया गया इसके कैप्टन के आर गुज्दर थे। यात्रियों से भारत से लंदन तक के सफर के 1720 रुपए लिए गए। |